JHANSI NEWS: कुरैश कॉन्फ्रेंस सामाजिक संस्था (रजि.) द्वारा चौधरी रईस कुरैशी के निवास पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद कलाम कुरैशी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुरैश समाज की छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में आलिया कुरैशी, सानिया कुरैशी, कशिश कुरैशी, महक कुरैशी एवं निशा कुरैशी को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों को कोचिंग एवं ट्यूशन देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मोहम्मद कलाम कुरैशी ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “किसी भी समाज की प्रगति उसकी शिक्षा पर निर्भर करती है।” उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि जब बेटियां शिक्षित होंगी, तभी परिवार और समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समाज की उन्नति का आधार बताते हुए कहा कि यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि विकास की बुनियाद है। शिक्षित एवं आत्मनिर्भर महिलाएं ही कुरीतियों को समाप्त कर सकती हैं और समाज को नई दिशा दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस्लाम में भी महिलाओं को शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार दिया गया है, इसलिए बेटियों को शिक्षित करना सबसे बड़ा समाज सुधार है। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। इस दौरान शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर चौधरी रईस कुरैशी, चौधरी हैदर कुरैशी, बबलू कुरैशी, अफसर कुरैशी, हनीफ कुरैशी, गुलाम अकील कुरैशी, कमरुद्दीन कुरैशी, अल्पेश उद्दीन कुरैशी, असलम कुरैशी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।







