PRATAPGARH NEWS: कुण्डा कोतवाली क्षेत्र में प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेकर न तो जमीन का कब्जा देने और न ही धनराशि वापस करने के आरोप में कुंडा पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया ह. ढोढ़वा स्वरूपपुर निवासी अतुल पांडेय ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उन्होंने घर बनाने के उद्देश्य से तिलौरी बिक्रमपुर स्थित एक भूखंड का सौदा किया था। सौदे के तहत तीन लाख रुपये चेक के माध्यम से, दो लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि शेष 90 हजार रुपये रजिस्ट्री के समय देने पर सहमति बनी थी। पीड़ित का आरोप है कि अधिकांश धनराशि का भुगतान करने के बावजूद कई वर्ष बीत जाने पर भी न तो प्लॉट का कब्जा दिया गया और न ही रकम लौटाई गई। कई बार आग्रह करने पर भी आरोपित टालमटोल करते रहे. तहरीर के आधार पर कुंडा पुलिस ने जांच के बाद माधोराम, दिनेश, कमलेश कुमार, सुरेश कुमार, फूलचंद्र (सभी निवासी तिलौरी बिक्रमपुर), रामसजीवन, प्रेमचंद्र अग्रहरि (निवासी अत्तानगर) तथा वेद प्रकाश सिंह (निवासी रानी माहेश्वरी नगर, कुंडा) के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।







