SANGRAMGARH NEWS: थाना क्षेत्र के ग्राम लहड़िया कामापट्टी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित तूफान सिंह यादव पुत्र दशरथ यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि 29 जुलाई 2026 की शाम करीब 8 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। उसी दौरान उसके घर के बगल में अमृतलाल यादव, अतुल यादव तथा अंकुश यादव आपस में झगड़ा कर रहे थे। शोर सुनकर जब वह बाहर निकला तो आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। मारपीट में उसके सिर पर चोटें आईं। पीड़ित की तहरीर पर संग्रामगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







