JHANSI NEWS: समाजवादी पार्टी द्वारा किसानों, नौजवानों और बेरोज़गारी जैसे जनहित के ज्वलंत मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार “हल्ला बोल प्रदर्शन” आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह भोजला ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं युवाओं ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की और विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह भोजला ने कहा कि प्रदेश और देश का किसान आज आर्थिक संकट से जूझ रहा है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि नौजवानों के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा है और शिक्षित युवा नौकरी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। बढ़ती बेरोज़गारी के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है, लेकिन सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाने में विफल साबित हुई है। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और समाज के वंचित वर्गों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण महंगाई और बेरोज़गारी लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। कार्यक्रम में समाजवादी महिला सभा की अध्यक्ष मनीषा एवं सीमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। महिलाओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते हुए समाजवादी पार्टी के संघर्ष को मजबूती प्रदान की।
प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर किसानों के हितों की रक्षा, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण की मांग की। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकजुटता और मजबूती का परिचय देते हुए जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मीरा रायकवार, दीपाली रायकवार, मधू यादव, सोनू यादव अमरौख, विनीता यादव, राखी राजपूत, श्रीमती रेखा यादव (प्रदेश सचिव सपा), सुधा यादव, रामजी तिवारी, प्रदीप यादव सेना, रोहित, अमित यादव, सतीश रायकवार, राहुल रायकवार, सोहेल खान, गुड्डू राजा, इंजी. यादवेन्द्र सिंह, जयहिंद यादव, अखिल पाल, दीपक यादव, सचिन, सत्यम, निखिल राज, त्रिलोक, अभिषेक, बॉबी, समीर, अंशु वर्मा, राज कुशवाहा, आशिक़, नयन्स, संतराम, तसलीम, जावेद, आदर्श तिवारी एवं नसरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी का संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने किसानों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।







