KAUSHAMBI NEWS: आजादी की 80वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सिराथू विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय रामपुर धमावां में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने काली टोपी पहनकर देश के विभाजन की त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले और अपनी जड़ों से बिछड़ने वाले नागरिकों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। विद्यालय में बच्चों ने विभिन्न रंगों के कनेर, गुड़हल और चांदनी के फूलों के साथ हरी पत्तियों की सहायता से तिरंगा बनाया। इस माध्यम से विभाजन की त्रासदी झेलने वाले नागरिकों के त्याग और बलिदान को याद किया गया। सहायक अध्यापक दीप नारायण मिश्र ने बच्चों को देश के विभाजन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आजादी के साथ देश को विभाजन का दंश भी झेलना पड़ा था। 15 अगस्त 1947 को देश स्वतंत्र हुआ, लेकिन इसी दौरान लाखों लोगों को विस्थापन और हिंसा का सामना करना पड़ा तथा अनेक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी हमें एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की सीख देती है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका भावना शुक्ला ने भी बच्चों को विभाजन विभीषिका के बारे में जानकारी दी और देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक विजयराज सिंह, प्रशिक्षु शिक्षक रचना सहित रसोइया उपस्थित रहीं।







