Kanpur से पुलिस व्यवस्था को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और चर्चाओं के बीच दावा किया जा रहा है कि आईटीबीपी (ITBP) के हथियारबंद जवानों ने पुलिस कमिश्नरेट परिसर पहुंचकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय को चारों तरफ से घेर लिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि मामला एक आईटीबीपी कमांडो की मां से जुड़ा है। आरोप है कि महिला का हाथ कटने के बाद इलाज में गंभीर लापरवाही हुई और पीड़ित पक्ष को पुलिस से भी अपेक्षित मदद नहीं मिली। इसी को लेकर आईटीबीपी जवानों में नाराजगी बढ़ गई।
दावों के मुताबिक बड़ी संख्या में आईटीबीपी कमांडो कमिश्नरेट परिसर पहुंचे और सीपी ऑफिस के आसपास तैनात हो गए। अचानक हथियारबंद जवानों की मौजूदगी से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि पूरे मामले में अभी तक पुलिस प्रशासन या आईटीबीपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना की सच्चाई और परिस्थितियों को लेकर जांच और स्पष्ट जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।







