Home उत्तर प्रदेश कलेक्ट्रेट में महिला ने आत्मदाह का किया प्रयास, एलआईयू की महिला कर्मियों...

कलेक्ट्रेट में महिला ने आत्मदाह का किया प्रयास, एलआईयू की महिला कर्मियों ने बचाई जान

JHANSI NEWS : मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बबीना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी शिकायत पर सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद एलआईयू की महिला कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार बबीना कस्बा निवासी पूजा सेन पत्नी गुड्डू कुरैशी अपनी पारिवारिक समस्याओं और उत्पीड़न की शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। महिला का आरोप है कि उसके पति, जेठ एवं परिवार के अन्य सदस्य लंबे समय से उसे परेशान कर रहे हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाता है तथा उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की घटनाएं भी हुई हैं। महिला का कहना है कि वह वर्तमान में अपने बच्चों के साथ मायके में रहकर मजदूरी के माध्यम से जीवनयापन कर रही है। महिला ने जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थना पत्र में आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो उसको आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा । बताया गया कि अपनी मांगों को लेकर महिला पहले धरने पर बैठी रही, लेकिन जब उसे लगा कि उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है तो उसने अपने पास रखी बोतल से ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर छिड़क लिया। यह देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एलआईयू की महिला कर्मी शोभा दीक्षित और अर्चना यादव ने तत्काल साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को पकड़ लिया तथा उसके हाथ से ज्वलनशील पदार्थ की बोतल छीनकर दूर फेंक दी। उनकी तत्परता से महिला की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने महिला को समझाकर शांत कराया तथा उसकी शिकायत को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में हुई इस घटना के बाद कुछ देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। वहीं, एलआईयू की महिला कर्मियों की सतर्कता और साहस की लोगों ने सराहना की, जिन्होंने समय रहते हस्तक्षेप कर एक महिला की जान बचा ली।