ई-ऑफिस व्यवस्था लागू करने के निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने न्याय सहायक, सहायक न्याय, साहूकारी लिपिक, आबकारी/जन सूचना, विविध, सहायक लेखा, वाद लिपिक, राजस्व सहायक, ज्येष्ठ लेखा, आंग्ल अभिलेखागार, आयुध अनुभाग, मुख्य राजस्व लेखाकार अनुभाग, जिला आपदा प्रबंधन और नजरत सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटल सहायकों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पटल सहायक अपनी-अपनी अलमारियों के बाहर पत्रावलियों की सूची रैकवार चस्पा करें, जिससे अभिलेखों के रख-रखाव में पारदर्शिता और सुगमता बनी रहे। साथ ही उन्होंने कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करते हुए पत्रावलियों का आदान-प्रदान डिजिटल माध्यम से करने के निर्देश दिए। आयुध अनुभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि पटाखों एवं ज्वलनशील सामग्री से जुड़े दुकानों का नियमित निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। वहीं, जिला आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और लू को देखते हुए समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आमजन को जागरूक किया जा सके। रीइसके अलावा जिलाधिकारी ने जनपद, तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर “शक्ति रसोई” स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन रसोइयों का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से कराया जाए, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिले और जरूरतमंदों को लाभ मिल सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर उप जिलाधिकारी, नाजिर, प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







