SANGRAM GARH NEWS: थाना क्षेत्र के ग्राम सराय छत्ता नई बाजार में शुक्रवार दोपहर एक 17 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी धुन्नी लाल सरोज की 17 वर्षीय पुत्री वर्षा सरोज घर के पक्के मकान के एक कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर दुपट्टे के सहारे लोहे की सरिया में फंदा लगाकर लटक गई। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने बाहर से देखा तो वह फंदे पर लटकी दिखाई दी। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना पर संग्रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है।







