उपनिरीक्षक सीधी भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) सीधी भर्ती-2025 की शारीरिक दक्षता परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), प्रयागराज जोन ज्योति नारायण जनपद फतेहपुर पहुंचे। उनके आगमन पर 12वीं वाहिनी पीएसी अतिथि गृह में गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक सलामी दी गई। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक, 12वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट मनोज कुमार अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। गार्ड ऑफ ऑनर के उपरांत एडीजी ज्योति नारायण ने आईजी अजय कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, पीएसी कमांडेंट एवं अन्य अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत 29 एवं 30 जून को आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा के परीक्षा स्थल एवं ग्राउंड का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, बैरिकेडिंग, अभिलेख सत्यापन, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए तथा प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके बाद पुलिस लाइन्स, फतेहपुर में एडीजी ने पुलिस महानिरीक्षक की उपस्थिति में भर्ती परीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक एवं ब्रीफिंग की। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में परीक्षा के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय बनाए रखने, अभ्यर्थियों को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक चरण की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भरोसा जताया कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।







