Home उत्तर प्रदेश उत्सव भवन निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर ग्राम प्रधान ने...

उत्सव भवन निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर ग्राम प्रधान ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: खजुहा विकास खंड की ग्राम पंचायत बेनू गणेशपुर की प्रधान रेनू देवी ने बुधवार को प्रस्तावित उत्सव भवन के निर्माण कार्य को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने निर्माण कार्य पर लगी रोक हटाकर शीघ्र अनुमति प्रदान किए जाने की मांग की। प्रधान रेनू देवी ने अपने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत में उत्सव भवन निर्माण का प्रस्ताव नियमानुसार तैयार किया गया था। खंड विकास अधिकारी द्वारा जांच के उपरांत गाटा संख्या 312 की सरकारी बंजर भूमि पर क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई। निर्माण की अनुमति मिलने के बाद नींव भराई एवं मिट्टी का कार्य भी कराया जा चुका था। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित उत्सव भवन ग्राम पंचायत बेनू और गणेशपुर के बीच मुख्य डामर मार्ग के किनारे बनाया जा रहा है, जिससे दोनों गांवों के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध हो सके। रेनू देवी का आरोप है कि गांव के कुछ राजनीतिक लोगों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। इसके उपरांत खंड विकास अधिकारी ने उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलने तक निर्माण कार्य स्थगित रखने का पत्र जारी कर दिया। ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए रुके हुए उत्सव भवन निर्माण कार्य को पुनः शुरू कराने की अनुमति प्रदान करने की मांग की। उनका कहना है कि उत्सव भवन बनने से क्षेत्र के लोगों को विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी और ग्राम पंचायत के विकास को भी गति मिलेगी। इस दौरान गुलाबी गैंग की अध्यक्ष हेमलता पटेल, उपाध्यक्ष मरियम जहां सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।