Home उत्तर प्रदेश वन महोत्सव के तहत जिलाधिकारी ने लगाया आम का पौधा, पर्यावरण संरक्षण...

वन महोत्सव के तहत जिलाधिकारी ने लगाया आम का पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

FATEHPUR NEWS: वृक्षारोपण महाभियान के अंतर्गत 1 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक “वन महोत्सव–एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के तहत बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में आम का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
पौधरोपण के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखरेख करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। जिलाधिकारी ने प्रभारी वनाधिकारी को निर्देशित किया कि वन महोत्सव अभियान के अंतर्गत जनपद को जो पौधरोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, उसे समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित निगरानी भी पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधरोपण अभियान सफल हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर उप जिलाधिकारी, वनाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।