SIDHARTHNAGAR NEWS: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को जनपद स्तरीय उत्पादकता गोष्ठी, त्वरित मक्का गोष्ठी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद जगदंबिका पाल, विधायक बांसी जय प्रताप सिंह, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों का बुके देकर स्वागत किया गया। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि रासायनिक खाद के अत्यधिक प्रयोग से भूमि की उर्वरा शक्ति घट रही है, ऐसे में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गोष्ठी का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के उपायों से उन्हें अवगत कराना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और सिंचाई योजनाओं से लाखों किसान लाभान्वित हो रहे हैं। विधायक बांसी जय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को नई तकनीक एवं नवाचार से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, मृदा परीक्षण कराने और नैनो उर्वरकों के प्रयोग पर बल दिया। विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा ने कहा कि किसान कठिन परिश्रम से अन्न उत्पादन करता है और सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह ने कहा कि कृषि देश की रीढ़ है और किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि सरकार किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण बीज व उर्वरक उपलब्ध करा रही है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनकी आय बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्राकृतिक व जैविक खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी व स्टॉल का अवलोकन किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन एवं टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण किया गया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक एवं किसान उपस्थित रहे।







