अभिभावक बच्चों को गोद में लेकर पार करते हैं सड़क
ETAWA NEWS: शहर में हुई भारी बारिश और जल भराव की समस्या के कारण मोहल्ला सरस्वती बिहार में इटावा पब्लिक स्कूल वाली गली में जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर स्कूलों में भगवान श्रीकृष्ण और श्री राधा रानी के बालरूप बनकर जा रहे छोटे छोटे बच्चे गंदी नालियों के पानी में घुसकर स्कूल जाने को मजबूर हो रहे हैं। टूटी सड़क में भरे हुए गंदे पानी के कारण आसपास के क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप अपनी चरम सीमा पर है।जिला कांग्रेस कमेटी इटावा के महासचिव मोहनलाल प्रजापति ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उनके बच्चों एवं उनकेअभिभावकों के साथ-साथ मोहल्ले के अन्य बच्चे भी इस कीचड़ युक्त गंदे पानी में पैर डालकर निकलने को मजबूर हैं; जिसके चलते बच्चों सहित बुजुर्गों के साथ कभी भी दुर्घटना घट सकती है। मोहनलाल ने आगे बताया कि मोहल्ले के बड़ों को अपने छोटे छोटे बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए गंदे पानी घुसकर जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस मोहल्ले के निवासी पिछले कई सालों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं इसके लिए कई बार इस समस्या के संबंध में नगरपालिका तथा सक्षम अधिकारियों को सूचित भी किया गया लेकिन हर बार कोरे आश्वासन देकर जनता को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मूर्ख बनाया जा रहा है।उन्होंने प्रशासन को चेताया है कि अगर जल्द ही इस समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो मोहल्ले वासी इसी पानी में बैठकर अनशन करेंगे।







