KAUSHAMBI NEWS: सैनी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित गुलामीपुर ओवरब्रिज पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को समय रहते अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार सैनी निवासी धनेश सिंह पुत्र कल्याण सिंह शुक्रवार सुबह अपनी डिस्कवर बाइक से सैनी की ओर से कोखराज जा रहे थे। करीब 11 बजे वह गुलामीपुर ओवरब्रिज पर पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और धनेश सिंह भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा। घायल युवक की हालत गंभीर देख उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।
होमगार्ड ने दिखाई तत्परता, पुलिस वाहन से पहुंचाया अस्पताल
108 एंबुलेंस के उपलब्ध नहीं होने पर 112 पुलिस वाहन में तैनात होमगार्ड लालमन ने बिना समय गंवाए घायल युवक को पुलिस वाहन से ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने धनेश सिंह का तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायल को शीघ्र चिकित्सा सुविधा मिल सकी। उधर, हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में वाहन की तलाश करने के साथ ही घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने घायल के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है। घायल युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाने में तत्परता दिखाने वाले होमगार्ड लालमन की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि एंबुलेंस उपलब्ध न होने की स्थिति में पुलिस वाहन से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाना सराहनीय कदम रहा।







