Home उत्तर प्रदेश आधार सेवाओं में शत-प्रतिशत कवरेज पर जोर, लंबित बायोमेट्रिक अपडेट एवं 100...

आधार सेवाओं में शत-प्रतिशत कवरेज पर जोर, लंबित बायोमेट्रिक अपडेट एवं 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश

KUSHINAGAR NEWS: कलेक्ट्रेट सभागार में आज को आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सुश्री वंदिता श्रीवास्तव ने की। बैठक का संचालन प्रारम्भ कराने हेतु मुख्य विकास अधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी तथा यूआईडीएआई के राज्य प्रतिनिधि श्री छत्रपाल सिंह को समिति की कार्यवाही प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में यूआईडीएआई के राज्य प्रतिनिधि  छत्रपाल सिंह ने जनपद में आधार से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार नामांकन मात्र लगभग 10 प्रतिशत है, जिस पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। उन्होंने बताया कि स्कूली छात्रों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लगभग 1.50 लाख प्रकरण लंबित हैं। इसके अतिरिक्त 100 वर्ष से अधिक आयु के 1,207 व्यक्तियों का सत्यापन आधार पोर्टल पर लंबित है, जिसे शीघ्र पूर्ण कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा दुरुपयोग की संभावना न रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के अधिकारियों को समन्वित प्रयास करते हुए 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का शत-प्रतिशत आधार नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि 5 से 15 वर्ष तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए, ताकि भविष्य में आधार आधारित सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। बैठक में 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लंबित सत्यापन को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को सभी उप जिलाधिकारियों के माध्यम से संबंधित लेखपालों द्वारा सत्यापन कराकर आधार पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) गुलाब सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी ए.के. दूबे, भारतीय डाक विभाग के जनपद प्रतिनिधि डी.के. भारती, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के जिला अधिकारी अभिनव कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रवण कुमार सिंह, उपायुक्त मनरेगा राकेश, यूआईडीएआई के राज्य प्रतिनिधि छत्रपाल सिंह तथा सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी श्रवण कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।