Home उत्तर प्रदेश आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था दो दिन में दुरुस्त करने के निर्देश

आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था दो दिन में दुरुस्त करने के निर्देश

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: अधीक्षण अभियंता द्वितीय को नोटिस, खेतासराय एसडीओ का वेतन रोका
JAUNPUR NEWS: आंधी-तूफान के चलते क्षतिग्रस्त हुई विद्युत व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी Samuel Paul N. ने शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि टूटे हुए विद्युत पोलों को विभिन्न एजेंसियों की मदद से युद्धस्तर पर लगाते हुए दो दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आपूर्ति सामान्य होने तक अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता प्रतिदिन शाम को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, सभी नए लगाए गए पोलों की ग्राउटिंग कराई जाए और जहां आवश्यकता हो वहां स्टे वायर भी लगाए जाएं। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए टेललेस यूनिट, फ्यूज और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि खराबी की स्थिति में तत्काल प्रतिस्थापन किया जा सके। उन्होंने उपखंड अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी शिकायतों का निस्तारण उपखंड कार्यालय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने मुख्यालय क्षेत्र में बार-बार हो रही ट्रिपिंग की समस्या का तत्काल समाधान कराने, विद्युत पोलों और तारों का अनुरक्षण कराने तथा पेड़ों की कटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जलभराव और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में करंट उतरने की संभावनाओं को समाप्त करने के लिए इंसुलेशन और सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने को कहा। राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिशासी अभियंता नियमित रूप से आरसी भेजें। आरसी में उपभोक्ता का नाम और सही पता स्पष्ट रूप से अंकित हो, ताकि प्रभावी वसूली की जा सके। साथ ही सभी तहसीलों में आरसी का मिलान कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अगले तीन माह तक अलर्ट मोड में रहेंगे और किसी भी विद्युत व्यवधान की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करेंगे। इस कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता द्वितीय को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उपखंड अधिकारी खेतासराय का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि 15 दिन बाद पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। यदि निर्देशों का पालन नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमाणंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह सहित विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।