औरेनी में चेहल्लुम पर उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब
KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड कड़ा के औरेनी गांव में अंजुमन लश्करे हुसैनी के तत्वावधान में बुधवार को चेहल्लुम के अवसर पर शब्बेदारी व जुलूस-ए-अज़ा का आयोजन अकीदत और एहतराम के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर हज़रत इमाम हुसैन अ.स.को ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया। शब्बेदारी के दौरान ख़ुसूसी नौहाख़्वान जनाब शबीह अब्बास आरिफ़ी साहब मुज़फ्फरनगर ने “अली अकबर के लाशे से लिपटकर बयां करते रहे शब्बीर” सहित पुरसोज़ नौहे पेश किए, जिन्हें सुनकर मौजूद अकीदतमंदों की आंखें नम हो गई अंजुमन-ए-मज़लूमिया हैदरगंज, अंजुमन-ए-बाबुल हवाइज़ दांदूपुर, अंजुमन-ए-हाए मातमी ज़ेहदीपुर तथा अंजुमन-ए-दरियाबाद सहित विभिन्न अंजुमनों ने नौहाख़्वानी, सलाम और मातम पेश कर माहौल को ग़मगीन बना दिया। जुलूस-ए-अज़ा में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। “या हुसैन” की सदाओं के बीच मातम का सिलसिला जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि हज़रत इमाम हुसैन अ.स. की कुर्बानी इंसानियत, सब्र, हक़ और इंसाफ़ की राह पर डटे रहने का पैग़ाम देती है। कार्यक्रम का आयोजन अंजुमन लश्करे हुसैनी, औरेनी द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सदर अली अहमद, सचिव शेख साजिद, सिकंदर हुसैन, रेहान, साहिल सिद्दीकी, शबीह अब्बास आरिफ़ी सहित अंजुमन के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।







