लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार
FATEHPUR NEWS: अयोध्या जनपद की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के विरुद्ध हुई कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को प्रदेशभर के लेखपालों ने एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया। फतेहपुर में भी लेखपालों ने कार्य बहिष्कार करते हुए थाना समाधान दिवस का बहिष्कार किया और प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। लेखपाल संघ ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार के किसी भी रूप का समर्थन नहीं करता है। रिश्वत मांगने या लेने का दोषी पाए जाने वाले कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन झूठी शिकायत, निजी रंजिश या जबरन ट्रैप के माध्यम से किसी निर्दोष कर्मचारी को फंसाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। संघ ने मुख्यमंत्री से सोहावल प्रकरण की पुलिस विभाग से स्वतंत्र जांच एजेंसी अथवा एसआईटी से जांच कराने की मांग की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, शिकायत और प्री-ट्रैप प्रक्रिया समेत सभी तथ्यों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की गई। लेखपाल संघ ने भविष्य में ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, संभावित रंजिश और निजी स्वार्थ की जांच तथा यह सत्यापित करने की मांग की कि शिकायत से जुड़ा कार्य वास्तव में संबंधित लेखपाल के अधिकार क्षेत्र में आता है या नहीं। इसके अलावा एसीओ और विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई के लिए स्पष्ट एवं कड़े एसओपी जारी करने की मांग भी उठाई गई। संघ ने कहा कि यदि जांच में किसी कर्मचारी को षड्यंत्रपूर्वक फंसाए जाने की पुष्टि होती है तो उसे न्याय दिलाया जाए और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान लेखपालों ने “लेखपाल संघ जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सुरक्षित कार्य वातावरण की मांग की।







