गाजीपुर थाने में पहुंचे जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक
FATEHPUR NEWS: माह के चतुर्थ शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना गाजीपुर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना गाजीपुर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने राजस्व एवं पुलिस से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की जानकारी ली तथा मौके पर उपलब्ध अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समाधान दिवस में कुल 54 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 42 प्रार्थना पत्र राजस्व से संबंधित तथा 12 प्रार्थना पत्र पुलिस विभाग से संबंधित रहे। प्राप्त शिकायतों में से राजस्व टीम द्वारा 04 प्रार्थना पत्रों का तथा पुलिस विभाग द्वारा 02 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निस्तारण की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थानों पर आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचकर जनशिकायतों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने राजस्व एवं पुलिस से संबंधित मामलों को सुनते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।







