Home उत्तर प्रदेश अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार युवक को रौंदा, इलाज के दौरान मौत

अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार युवक को रौंदा, इलाज के दौरान मौत

100 मीटर तक घसीटता रहा कार सवार, मौके से हुआ फरार

कानपुर के निजी अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी
FATEHPUR NEWS: जनपद के बहुआ क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान कानपुर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, ललौली थाना क्षेत्र के रेंय गांव निवासी बीरेंद्र सिंह का 19 वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 4 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे स्कूटी से अपनी मौसी प्रिया सिंह के घर, नौधीखेड़ा (बिंदकी) जा रहा था। जैसे ही वह बांदा-कानपुर हाईवे पर बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के छीछा मोड़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चालक युवक को स्कूटी समेत करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। इतना ही नहीं, कार का अगला पहिया युवक के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह काफी देर तक वाहन के नीचे फंसा रहा। आरोप है कि इस दौरान कार सवार संवेदनहीनता दिखाते हुए मोबाइल पर बात करता रहा और बाद में मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की मदद से परिजन घायल आदित्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिंदकी ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां रविवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुत्र की मौत से मां पिंकी सिंह और पिता बीरेंद्र सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई नमन सिंह और बहन दीपाली सिंह भी गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि आदित्य अपने पिता के साथ अजमतपुर गांव में गिट्टी-मौरंग के व्यवसाय में हाथ बंटाता था। घटना के संबंध में परिजनों ने कोतवाली बिंदकी में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।