अपने स्वास्थ्य को अपने हाथों में रखेंश् विषय पर छात्रों को स्व-देखभाल का दिया संदेश
PRAYAGRAJ NEWS: अंतर्राष्ट्रीय स्व-देखभाल (सेल्फ केयर) दिवस के अवसर पर सीएमपी डिग्री कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग ने आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ एवं सेंटर फॉर हैप्पीनेस एंड वेल बीइंग के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ आईक्यूएसी की समन्वयक प्रो. सरिता श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्व-देखभाल की अवधारणा, उसके महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मनोविज्ञान विभाग की संयोजिका एवं सेंटर फॉर हैप्पीनेस एंड वेल बीइंग की सह-संयोजिका डॉ. रुचिका वर्मा ने विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय सेल्फ केयर दिवस की थीम सेल्फ केयर आपके स्वास्थ्य को आपके हाथों में रखता है जांचें, ट्रैक करें, समृद्ध बनें पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्व-देखभाल के तीन प्रमुख स्तंभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पहला नियमित स्वास्थ्य जांच, दूसरा अपनी दैनिक आदतों जैसे नींद, पोषण और शारीरिक गतिविधियों की नियमित निगरानी (ट्रैकिंग) तथा तीसरा छोटे, निरंतर और टिकाऊ सकारात्मक बदलाव अपनाकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। कार्यक्रम में डिजिटल डिटॉक्स, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन तथा स्वस्थ जीवनशैली को सेल्फ केयर की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए छात्रों को इन आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्व-देखभाल से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन डॉ. रुचिका वर्मा तथा मनोविज्ञान विभाग की शोधार्थी संड्रा बुएला और आकांक्षा सिंह ने किया। अंत में डॉ. रंजना तिवारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।







