SIDHARTHNAGAR NEWS: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह की तैयारियों को लेकर बैठक जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, विद्युत व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था एवं सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है, इसलिए इसके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं। जनपद स्तर पर 21 जून को जिला स्पोर्ट स्टेडियम में मुख्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, योग प्रशिक्षक, जिला आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







