National
थाना असोथर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई गांधी जयंती
असोथर फतेहपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर थाना असोथर परिसर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी राजीव मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सलामी के साथ हुई। इसके बाद थाना परिसर में स्थापित महात्मा गांधी के चित्र पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रपिता को नमन किया।इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के संदेश को याद किया। थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को गांधी जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द को बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रपिता के सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही थाना परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।