टखने की चोट से उबर रहे नीरज चोपड़ा, कुछ हफ्तों में फिर थामेंगे भाला
डॉक्टर से मिली अभ्यास और रिहैबिलिटेशन शुरू करने की सलाह, अगस्त में लिगामेंट चोट के कारण 2026 का सत्र करना पड़ा था समाप्त
नई दिल्ली। भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा की वापसी की उम्मीदें बढ़ गई हैं। टखने की चोट से उबर रहे नीरज ने बताया है कि उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और वह अगले कुछ सप्ताह में अभ्यास के साथ रिहैबिलिटेशन शुरू करने की योजना बना रहे हैं।
नीरज को इस साल अगस्त में अभ्यास के दौरान टखने में लिगामेंट की चोट लगी थी। इसके चलते उन्हें अपना 2026 का सत्र समय से पहले समाप्त करना पड़ा और जापान में आयोजित एशियन गेम्स के अलावा डायमंड लीग फाइनल्स से भी बाहर होना पड़ा था।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की मीडिया टीम से बातचीत में नीरज ने बताया कि चोट के शुरुआती डेढ़ महीने उनके लिए मुश्किल भरे रहे, लेकिन अब काफी सुधार है। उन्होंने प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनशॉ परदीवाला से परामर्श लिया है। डॉक्टर ने उन्हें अभ्यास दोबारा शुरू करने और उचित रिहैबिलिटेशन की सलाह दी है। नीरज के मुताबिक, उनकी योजना अगले कुछ सप्ताह में दोनों गतिविधियां शुरू करने की है।
नीरज ने कहा कि चिकित्सकों ने उन्हें चोट से उबरने के लिए आराम करने की सलाह दी थी और उन्होंने इसका पूरी तरह पालन किया। उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) की ओर से लगातार मिल रहे सहयोग के लिए भी आभार जताया।
नीरज ने इस साल 21 अगस्त को लुसाने डायमंड लीग में आखिरी बार प्रतिस्पर्धा की थी, जहां उन्होंने 88.05 मीटर भाला फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था। अब उनका पूरा ध्यान चोट से पूरी तरह उबरने और अगले सत्र में मजबूत वापसी करने पर है।