National
शिक्षा का स्तर मजबूत करने की पहल, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता को लेकर शिक्षकों ने बनाई रणनीति
प्रेमनगर,फतेहपुर। मिशन शिक्षा फतेहपुर की ओर से आयोजित होने वाली सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता-2026 को लेकर शुक्रवार को सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बा स्थित लक्ष्मी मैरिज हॉल में शिक्षकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे दर्जनों शिक्षकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन, विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी और परीक्षा की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा करते हुए अपने सुझाव दिए।बैठक में प्रतियोगिता के आयोजक एवं ग्राम पंचायत अधिकारी विजय सिंह यादव ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण एवं गंगा तटवर्ती गांवों में शिक्षा के स्तर को और बेहतर करने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से पिछले दो वर्षों से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्राथमिक, जूनियर और इंटर स्तर के छात्र-छात्राओं में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं का अनुभव दिलाना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को साइकिल के साथ अध्ययन सामग्री देकर सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 18 अक्टूबर को जनपद की सीमा के समीप स्थित स्व. तिलक राज महाविद्यालय में किया जाएगा। वहीं 27 अक्टूबर को प्रेमनगर स्थित लक्ष्मी मैरिज हॉल में प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया जाएगा। इसी दौरान पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह भी आयोजित होगा। बैठक में वरिष्ठ पूर्व प्रधानाध्यापक रामपाल पाल, एमएबी कान्वेंट स्कूल के शिक्षक सुशील कुमार नामदेव, जनता इंटर कॉलेज के श्रवण कुमार श्रीवास्तव, अध्यापक संजय सिंह, विवेक सिंह, अतुल कुमार, धीरेन्द्र कुमार सहित क्षेत्र के कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।