सपा प्रत्याशी नाथवानी ने पीएम मोदी को दी बधाई, AIMIM ने अखिलेश से पूछा—क्या आप भी ‘सेवा का संकल्प’ मानते हैं?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धनराज परिमल नाथवानी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। नाथवानी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई दी और उनकी राजनीतिक यात्रा को ‘सेवा का संकल्प’, राष्ट्रीय कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता से जोडा.
नाथवानी ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मोदी ने गुजरात की सेवा से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने तक का सफर तय किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को राष्ट्रसेवा में निरंतर शक्ति और सफलता की शुभकामनाएं भी दीं।
नाथवानी के इस बयान पर AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि क्या अखिलेश यादव भी प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को ‘सेवा का संकल्प’ मानते हैं। शादाब चौहान ने नाथवानी के बयान को लेकर सपा की राजनीतिक स्थिति पर स्पष्टीकरण मांगा और वक्फ, UCC तथा CAA जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया।
नाथवानी की पोस्ट ऐसे समय सामने आई है जब उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। उनके बयान के बाद सपा के उम्मीदवार और पार्टी की राजनीतिक स्थिति को लेकर विभिन्न दलों की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
AIMIM ने अखिलेश यादव पर बोला हमलाएआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने धनराज नाथवानी के बयान पर अखिलेश यादव पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि क्या आप भी अपने इस राज्यसभा प्रत्याशी की तरह मुसलमानों के खिलाफ वक्फ, यूसीसी और सीएए जैसे कानून बनाने वाली मोदी सरकार का महिमा मंडन करते हैं। क्या आप भी मोदी जी के 25 साल को सेवा संकल्प मनाते हैं? हमारे वोट की भीख से जीतने वाली बीजेपी से समझौता कर चुके हैं। याद रखिए, जवाब नहीं दिया, तो 2027 में यूपी का मुसलमान जवाब देने के लिए तैयार है।