प्रयागराज का दबदबा, 659 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन फतेहपुर 288 अंक के साथ दूसरे और प्रतापगढ़ 259 अंक पाकर तीसरे स्थान पर रही
प्रयागराज। मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रयागराज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। 659 अंक अर्जित कर प्रयागराज ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 288 अंक के साथ फतेहपुर दूसरे और 259 अंक पाकर प्रतापगढ़ तीसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडलायुक्त प्रयागराज मंडल डा. लोकेश एम ने गुब्बारों का गुच्छा एवं शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर किया। प्रतियोगिता में प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर के परिषदीय विद्यालयों के जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुशवाहा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक कामता रामपाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रयागराज अनिल कुमार, मंडल के विभिन्न जनपदों के बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी, पीटीआई शिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप में भी प्रयागराज के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उच्च प्राथमिक स्तर की ओवरऑल चैंपियनशिप में प्रयागराज के चाका क्षेत्र के साहित्य कुमार तथा प्रतापगढ़ की उमा पटेल ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।