गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर डीएम ने ली बैठक
सिद्धार्थनगर: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि संचालन मुख्य विकास अधिकारी व मतदान कार्मिक के प्रभारी अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में हुआ।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना प्रभावी हो चुकी है और 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। जनपद में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पांच केंद्र नौगढ़, बांसी, डुमरियागंज, इटवा व शोहरतगढ़ तहसील मुख्यालयों पर और तीन केंद्र खेसरहा, बर्डपुर तथा बढ़नी विकास खंड कार्यालयों में स्थापित किए गए हैं।
डीएम ने निर्देश दिया कि सभी बूथों पर सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, जबकि तहसीलवार उपजिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए। मतपत्र और स्टेशनरी की बूथवार पैकेटिंग मतदान से एक दिन पूर्व पूरी करने के लिए एसओसी को निर्देशित किया गया। इसके अलावा एआरटीओ को वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था और सहायक प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) को मतदान कर्मियों का समय पर प्रशिक्षण पूरा कराने के कड़े निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।