प्राथमिक विद्यालय में मेगा पीटीएम का आयोजन बच्चों की शिक्षा, बालिका स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर हुआ मंथन
झाँसी। प्राथमिक विद्यालय में मेगा पीटीएम (अभिभावक-शिक्षक बैठक) का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति, बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को लेकर अभिभावकों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रगति रिपोर्ट पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही बालिका शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, शैक्षिक गतिविधियों और नवाचारों का प्रदर्शन कर अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों से संवाद करते हुए बच्चों की नियमित उपस्थिति और शैक्षिक स्तर में सुधार के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
रोजगार के अभाव में बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
बैठक में सहारिया जनजाति के परिवारों की आजीविका से जुड़ी समस्याओं पर भी विशेष चर्चा हुई। बताया गया कि रोजगार की तलाश में कई अभिभावक अपने बच्चों के साथ गांव से बाहर पलायन कर जाते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और उनकी शिक्षा की निरंतरता बाधित होती है।
इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों को नए कौशल सीखने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। उद्देश्य यह रहा कि परिवारों को वर्षभर गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो सके, पलायन की मजबूरी कम हो और बच्चों की पढ़ाई बिना किसी व्यवधान के जारी रह सके।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अनन्या खरे, आरपी अचल सिंह चिरार, निपुण सेल से बबीता सिंह तथा शिक्षक रतन कुमारी एवं रेखा रानी उपस्थित रहीं।