National
नगर पंचायत धाता में गांधी-शास्त्री जयंती पर ध्वजारोहण, अध्यक्ष ने किया श्रमदान
धाता फतेहपुर। नगर पंचायत धाता कार्यालय परिसर में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने दोनों महापुरुषों के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और देशभक्ति की मिसाल कायम की। दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी स्वच्छता को लेकर विशेष रूप से सजग थे। स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास साफ-सफाई रखने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज ने स्वच्छता का संदेश देते हुए स्वयं गली में झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पंचायत कर्मचारियों की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने नगरवासियों से गंदगी न फैलाने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। अध्यक्ष के श्रमदान से नगर पंचायत कर्मचारियों एवं मौजूद लोगों में भी स्वच्छता के प्रति उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए गांधी जी के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभी सभासद, कर्मचारी एवं क्षेत्र के सामाजिक लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा नगर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।