National
महापुरुषों की जयंती पर कांग्रेस ने निकाला मार्च, प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
फतेहपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मसूरिया दीन पासी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी एवं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा के सह नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तीनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के विरुद्ध मार्च निकाला।जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और मसूरिया दीन पासी देश के सच्चे नायकों में शामिल हैं। उनके अनुसार यदि समाज उनके आदर्शों का पालन करे तो देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने मसूरिया दीन पासी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पासी समाज से जुड़े जरायम पेशा कानून को हटवाने के लिए प्रयास किया और अपने समाज के प्रति प्रतिबद्धता निभाई। शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि देश आज जिस मुकाम पर है, उसमें महात्मा गांधी के त्याग और तपस्या का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री की ईमानदार एवं सादगीपूर्ण कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में मसूरिया दीन पासी के संघर्ष और योगदान को भी याद किया।कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के विचारों और उनके संघर्षों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद निकाले गए मार्च में कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अपनी आपत्तियां और मांगें रखीं। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता संतोष कुमारी शुक्ला, कलीम उल्ला सिद्दीकी, राजीव लोचन निषाद, आदित्य श्रीवास्तव, अरुण जायसवाल, बसीर अहमद, राम नरेश महाराज, शमशाद, मो. हफीज, सहाब अली, अजय कुमार बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, आनंद सिंह गौतम, ओम प्रकाश कोरी, निजामुद्दीन, इंद्रजीत लोधी, मिसबाहुल, चैधरी मोइन राइन, अब्दुल रज्जाक, राशिद सिद्दीकी, अमीरउज्जमा खां, मो. रमजान, शेर आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।