झांसी स्टेशन पर 2.55 करोड़ के चांदी के आभूषण बरामद, एक व्यक्ति पकड़ा आरपीएफ की क्राइम विंग और स्टेशन पोस्ट की संयुक्त कार्रवाई, 133.17 किलोग्राम चांदी जीएसटी विभाग को सौंपी
झांसी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की क्राइम विंग झांसी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पोस्ट की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने 19 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 20806 एपी एक्सप्रेस से चार सफेद प्लास्टिक के बोरों में रखे 133.17 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 55 लाख 31 हजार 628 रुपये बताई गई है। मामले में एक व्यक्ति को पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग (जीएसटी), झांसी को सौंप दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में मुरैना एवं ग्वालियर आरपीएफ पोस्ट और क्राइम विंग ग्वालियर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने ट्रेन की जांच की। इस दौरान चार बोरों में चांदी के आभूषण डिब्बों और पन्नी सहित रखे मिले। टीम ने आभूषणों को बरामद कर संबंधित व्यक्ति को पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान नारद तोमर (22 वर्ष), पुत्र हनुमंत तोमर, निवासी ग्राम मोटिन, थाना अमोला, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। बरामद चांदी का कुल वजन 133.17 किलोग्राम पाया गया। इसकी बताई गई कीमत अनुमानित है, जबकि वास्तविक मूल्य का निर्धारण अधिकृत टंच संस्था से मूल्यांकन कराए जाने के बाद किया जाएगा।
कार्रवाई के बाद राज्य कर विभाग, झांसी की सचलदल पंचम इकाई के सहायक आयुक्त को सूचना दी गई। उनके आरपीएफ पोस्ट पहुंचने पर आवश्यक वजन संबंधी प्रक्रिया पूरी कर बरामद चांदी और संबंधित व्यक्ति को सुपुर्द कर दिया गया। अब जीएसटी विभाग मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
इस संयुक्त अभियान में क्राइम विंग झांसी से निरीक्षक ओम प्रकाश सहित आरपीएफ के जवान तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पोस्ट के निरीक्षक बबलू कुमार, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव, उपनिरीक्षक अंकित कुमार और अन्य जवान शामिल रहे। ग्वालियर पोस्ट एवं क्राइम विंग ग्वालियर के कर्मियों ने भी सहयोग किया।
आरपीएफ द्वारा त्योहारों के मद्देनजर रेल परिसर और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच की जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।