National
जिलाधिकारी ने चरखा चलाकर दिया स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश
फतेहपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्राम सेवा संस्थान फतेहपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने चरखा चलाकर स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उन्होंने संस्थान में प्रदर्शित खादी से निर्मित उत्पादों एवं ग्रामोद्योग से जुड़ी वस्तुओं का अवलोकन किया और उनके बारे में जानकारी ली।जिलाधिकारी ने ग्रामोद्योग संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों और गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के संबंध में भी चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने खादी के प्रति समर्थन अभियान में हस्ताक्षर कर स्वदेशी उत्पादों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्तध्राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), संस्था के अध्यक्ष, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी फतेहपुर, वरिष्ठ सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।