गांधी विचार और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प सीएमपी महाविद्यालय में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान
प्रयागराज। सीएमपी महाविद्यालय, प्रयागराज के सभागार में एनएसएस एवं गांधी अध्ययन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों को असाधारण बनाने वाली उनकी ईमानदारी, सत्य के साथ प्रयोग करने और अपने अनुभवों को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने की क्षमता थी। इसी कारण महात्मा गांधी किसी व्यक्ति मात्र के रूप में नहीं, बल्कि एक विचार और जीवन-दर्शन के रूप में स्थापित हुए।महात्मा गांधी के साथ ही लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शास्त्री जी ने अपने नेतृत्व, आचरण और कार्यशैली से सार्वजनिक जीवन में नैतिकता, सादगी और शुचिता के उच्च मानदंड स्थापित किए।कार्यक्रम से पूर्व महाविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। सभागार में आयोजित कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने गांधी जी की कृतियों हिंद स्वराज और सत्य के साथ मेरे प्रयोग के संदर्भ में गांधीवाद की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्व शांति, पर्यावरणीय चेतना तथा वर्तमान एवं भविष्य के संदर्भ में गांधीवादी विचारों की उपयोगिता को रेखांकित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम चिरंजीव ने किया, जबकि मुख्य कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी कार्यक्रम अधिकारी, बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, सफाई कर्मचारियों एवं अन्य उपस्थित लोगों को फल, मिष्ठान, समोसे और चाय वितरित की गई।