National
गांधी-शास्त्री जयंती पर फतेहपुर में गूंजा राष्ट्र निर्माण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश
फतेहपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं महात्मा बुद्ध की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी एवं स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई।जिलाधिकारी ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का योगदान अतुलनीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जयंती समारोह का उद्देश्य केवल महापुरुषों को याद करना नहीं, बल्कि उनके विचारों, आदर्शों और सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में उतारना है। सभी नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए तथा नकारात्मक सोच को दूर करते हुए सकारात्मक कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ करें तथा अपने-अपने पटल पर पत्रावलियों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुरूप समयबद्ध निर्णय लेकर आमजन को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी से आत्ममंथन करते हुए अपने कार्यों और जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठा का मूल्यांकन करने का आह्वान किया। विचार गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी (वित्तध्राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), वरिष्ठ कोषाधिकारी, कलेक्ट्रेट कर्मचारियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर अपर उप जिलाधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।