गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाएं रू डॉ. कृष्णा गुप्ता लोगों की अच्छाइयों को ग्रहण करें बच्चे रू अल्पना डे एमपीवीएम में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर विविध आयोजन
प्रयागराज। महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर, तेलियरगंज में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों को याद किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा गांधी जी और शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ।विद्यालय की सचिव डॉ. कृष्णा गुप्ता ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश की महत्ता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्या अल्पना डे ने गांधी जी के संदेश ‘बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत कहो’ को व्यवहार में उतारने और अपने आसपास के लोगों की अच्छाइयों को ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।सांस्कृतिक कार्यक्रम में कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों ने ‘नृत्यांजलि’ की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कक्षा 9 की छात्रा शुभी यादव ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविता ‘जीवन के सूखे मरुस्थल’ का पाठ किया। विद्यार्थियों के सामूहिक गीत ‘दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल’ से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने गांधी जी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन’ का सामूहिक गायन किया। इसके बाद ‘रामधुन’ की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। कक्षा 1 के विद्यार्थियों ने ‘रंग भरो और लिखो’, कक्षा 2 ने चूड़ियों से गांधी जी के चश्मे का क्राफ्ट तथा कक्षा 3 ने आइसक्रीम स्टिक से चरखे का मॉडल तैयार किया। कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने गांधी जी के योगदान पर भाषण प्रस्तुत किए।कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने ‘माय काइंडनेस ट्री’ बनाया, जबकि कक्षा 7 के विद्यार्थियों ने बापू से जुड़ी वस्तुओं के क्राफ्ट तैयार किए। कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने अहिंसा की शक्ति, सादगी और सत्याग्रह विषय पर भाषण प्रस्तुत किए। कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने ‘जय जवान, जय किसान’, शांति एवं स्वच्छता विषय पर पोस्टर बनाए। कक्षा 10 ने सुविचार लेखन, कक्षा 11 ने भाषण तथा कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने वर्तमान युग में सत्य और अहिंसा जैसे मूल्यों की प्रासंगिकता विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से गांधी जी के जीवन-दर्शन पर विचार व्यक्त किए।