छात्र के सिर को तबला बनाकर बजाने वाले प्रधानाचार्य निलंबित बरौली प्राथमिक विद्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, बीएसए डॉ. राजेश कुमार ने लिया संज्ञान
इटावा। सैफई विकासखंड के बरौली प्राथमिक विद्यालय में एक छात्र के सिर को तबला बनाकर बजाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने संबंधित प्रधानाचार्य दिनेश माथुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बरौली प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश माथुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में प्रधानाचार्य एक ऐसे छात्र के सिर पर तबले की तरह हाथ बजाते नजर आए, जिसके सिर पर बाल नहीं थे। वीडियो सामने आने के बाद इस घटना को लेकर सवाल उठने लगे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो की पुष्टि और जांच के बाद संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ अनुचित व्यवहार करने वाले शिक्षकों के लिए सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। स्कूलों में बच्चों की गरिमा और सम्मान बनाए रखना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। फिलहाल, मामले में विभागीय कार्रवाई की गई है। घटना से संबंधित अन्य तथ्यों और जांच के निष्कर्षों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।