National
असोथर में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा स्वच्छता, सत्य और अहिंसा का संदेश
असोथर,फतेहपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर असोथर स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।बाल विकास परियोजना अधिकारी रवीश्वर राव ने दोनों महापुरुषों के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान सुपरवाइजर अनीता, रजनी एवं शशि मौजूद रहीं। आंगनबाड़ी कार्यकत्री रीता देवी, सुनीता देवी, शकुंतला, प्रमिला, पार्वती, रेखा और सुखरानी समेत अन्य कार्यकत्रियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर में देशभक्ति और श्रद्धा का माहौल रहा। उपस्थित कर्मचारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।