Home उत्तर प्रदेश असनी हत्याकांड में फरार तीसरा आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर बरामद

असनी हत्याकांड में फरार तीसरा आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर बरामद

FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में हुए मनीष दुबे हत्याकांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की रिवॉल्वर, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेन्द्र सिंह उर्फ भीम (36) निवासी दुबेपुर, थाना बकेवर के रूप में हुई है। बीते 30 अगस्त को असनी गांव में वैभव तिवारी के पिता मनीष दुबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में हुसैनगंज थाने में अमन सिंह और इन्द्रेश उर्फ मनू सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस विवेचना के दौरान शैलेन्द्र सिंह की भी घटना में संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी मुख्य आरोपियों का ममेरा भाई है। वारदात के बाद आशुतोष त्रिपाठी नामक युवक ने हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर को छिपाने के लिए शैलेन्द्र सिंह को दिया था, जिसके बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चार सितंबर की देर रात ग्राम दुबेपुर से शैलेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की रिवॉल्वर, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।