FATEHPUR NEWS: विकास खंड धाता क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। धाता थाना परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। यहां भगवान राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नाश्ते और भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। सुंदर सजावट और आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। वहीं, ग्राम रमपुरवा में भी जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप धारण कर मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों की प्रस्तुतियों को ग्रामीणों ने खूब सराहा। इसके बाद मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में करीब 10 फीट की ऊंचाई पर मटकी बांधी गई, जबकि दूसरे चरण में मटकी को लगभग 15 फीट की ऊंचाई पर बांधा गया। दो टीमों ने बारी-बारी से प्रयास कर मटकी फोड़ने का रोमांचक प्रदर्शन किया। मटकी फोड़ने वाली टीम को आयोजकों की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। ग्रामीणों और बच्चों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जन्माष्टमी के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश भी दिया।







