Home आस्था पुलिस लाइन में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

पुलिस लाइन में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

डीएम अभिषेक पाण्डेय और एसपी दीपक भूकर रहे मुख्य अतिथि, कृष्ण लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

PRATAPGARH NEWS: पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतापगढ़ अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का आकर्षक मंचन किया गया। भक्ति गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कृष्ण भक्ति से सराबोर प्रस्तुतियों के बीच पूरा पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आराधना की। सभी ने भगवान श्रीकृष्ण से समाज में शांति, सौहार्द, सुख-समृद्धि एवं आपसी भाईचारे की मंगलकामना की। जन्माष्टमी महोत्सव में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज एवं लाइन प्रशान्त राज तथा प्रतिसार निरीक्षक राजीव कुमार राय सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उमंग का माहौल बना रहा। आयोजन को लेकर पुलिस लाइन परिसर में विशेष सजावट की गई थी। कार्यक्रम पारिवारिक एवं धार्मिक वातावरण में अनुशासन के साथ सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।