PRATAPGARH NEWS: शिक्षक दिवस के अवसर पर ग्रामसभा डीहबलई में शिक्षित डीहबलई, विकसित डीहबलई अभियान के तहत शिक्षा और गुरु सम्मान को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान से जुड़े आदर्श पांडेय ने ग्रामसभा के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में पहुँचकर शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया और बच्चों से संवाद किया। आदर्श पांडेय ने कुशहा प्राथमिक विद्यालय, डीहबलई प्राथमिक विद्यालय एवं हुलाशगढ़ प्राथमिक विद्यालय पहुँचकर शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालयों के बच्चों के साथ भी समय बिताया गया तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया गया। आदर्श पांडेय ने कहा कि किसी भी गाँव के वास्तविक विकास की सबसे मजबूत नींव शिक्षा है। जब हमारे बच्चे शिक्षित, जागरूक और संस्कारवान होंगे, तभी एक मजबूत और विकसित ग्रामसभा का निर्माण संभव होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित डीहबलई, विकसित डीहबलई अभियान का उद्देश्य ग्रामसभा में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना, बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना तथा समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्होंने शिक्षकों से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए ग्रामसभा के बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
आदर्श पांडेय ने कहा
हमारा संकल्प केवल विकसित डीहबलई बनाना नहीं, बल्कि ऐसा शिक्षित डीहबलई बनाना है जहाँ प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर मिले.







