प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर विभिन्न विकासखंडों में जुटेंगे सपा नेता, सरकार की शिक्षा नीति को लेकर होगा विरोध प्रदर्शन
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बंद किए गए विद्यालयों के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी आज जिले के विभिन्न विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित करेगी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देशों के अनुपालन में विद्यालयों के निकट कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से जिला अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई है। इसी कड़ी में विकासखंड भिटौरा के ग्राम मिर्जापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने दोपहर 12 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की जिम्मेदारी सपा ब्लॉक अध्यक्ष केदारनाथ यादव, जिला कमेटी के सदस्य गरगिदीन बाजपेई और रईस अहमद को सौंपी गई है। विकासखंड हथगाम के प्राथमिक विद्यालय बेहटापार के निकट आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष सुशील कुमार यादव, विधानसभा अध्यक्ष सुघर लाल यादव और विधायक ऊषा मौर्या के शामिल होने की जानकारी दी गई है। विकासखंड ऐरायां के प्राथमिक विद्यालय दरियापुर के निकट आयोजित कार्यक्रम में जिला सचिव रामबाबू यादव, पूर्व विधायक मोहम्मद सफीर के सुपुत्र मोहम्मद यासीर सफीर और ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद हसीन ‘राजू’ मौजूद रहेंगे। विकासखंड हथगाम के प्राथमिक विद्यालय वासुदेवपुर के निकट आयोजित कार्यक्रम में सेक्टर प्रभारी चंद्रराज सिंह यादव, जिला सचिव रामपाल पाल, हथगाम ब्लॉक अध्यक्ष रामेंद्र सिंह यादव और सेक्टर प्रभारी ज्ञान प्रकाश सिंह यादव की उपस्थिति रहेगी। विकासखंड ऐरायां के प्राथमिक विद्यालय पीएस सराय आराम, उमरपुर गौंती के सामने भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पूर्व जिला अध्यक्ष वलीउल्लाह, जिला सचिव सलमान, समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल राफे तथा अन्य पार्टी पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। पत्र में सभी संबंधित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की अपील की गई है। उक्त जानकारी समाजवादी पार्टी के हुसैनगंज विधानसभा अध्यक्ष सुघर लाल यादव एडवोकेट द्वारा दी गई है।







