एडीजी प्रयागराज जोन ने जगद्गुरु कृपालु भक्ति धाम मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था की समीक्षा
PRATAPGARH NEWS: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान जगद्गुरु कृपालु भक्ति धाम मंदिर में उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायन ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के साथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात डायवर्जन प्लान और पार्किंग व्यवस्था का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। एडीजी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। मंदिर परिसर में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, बैरियरिंग, निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों पर पुलिस बल की सतर्क तैनाती तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करें। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी, प्रभावी चेकिंग तथा लगातार पुलिस गश्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। एडीजी ने जन्माष्टमी ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सजगता, जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम वातावरण में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सकें। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी कुण्डा शिव नारायण वैस, प्रभारी निरीक्षक थाना कुण्डा अरविन्द सिंह सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







