MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) लगातार हो रही बारिश और डैमों से पानी छोड़े जाने के बाद गंगा और जरगो नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है और जलस्तर स्थिर होने की उम्मीद है। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मिर्जापुर में गंगा नदी का जलस्तर लगभग 76 मीटर पर है, जबकि वार्निंग लेवल 76.70 मीटर है। इस तरह अभी भी जलस्तर वार्निंग लेवल से करीब 0.70 मीटर नीचे है। गंगा में बढ़ोतरी मामूली है, लगभग एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की दर से बढ़ रही है।
डैमों से डिस्चार्ज कम किया गया
अधिकारी ने बताया कि कैचमेंट एरिया में पानी आने से डैम भर गए थे। जरगो डैम से करीब 4000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था और अड़वा डैम से करीब 1500 से 2000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। अड़वा डैम के पानी से कोई समस्या नहीं हुई। फिलहाल अहरौरा डैम को पूरी तरह बंद कर दिया गया है और वहां से डिस्चार्ज नहीं किया जा रहा है। वहीं जरगो डैम से छोड़े जा रहे पानी को भी काफी कम कर दिया गया है। पहले जहां 6 गेट खोले गए थे और 4000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, अब उसे घटाकर लगभग एक तिहाई कर दिया गया है।
पांच गांवों में सड़क पर पानी, नाव की व्यवस्था
डैम से पानी छोड़ने की वजह से करीब पांच गांवों के रास्तों पर थोड़ा पानी आ गया था, जिसके लिए आवागमन हेतु नाव की व्यवस्था की गई थी। कल रात से डिस्चार्ज कम करने के बाद वहां पानी लगातार घट रहा है। सरैया पुल जो नारायणपुर और चुनार को जोड़ता है, वह जरगो नदी के उफान के बाद बाधित हो गया था, अब डिस्चार्ज कम होने से वहां भी स्थिति में सुधार हो रहा है। अधिकारी ने बताया कि गंगा के किनारे बसे गांवों में अभी कोई गांव प्रभावित नहीं हुआ है, कठवारी गांव में भी स्थिति सामान्य है। उम्मीद है कि आज शाम तक गंगा का बढ़ना स्थिर हो जाएगा और आज रात के बाद जलस्तर में कमी आनी शुरू हो जाएगी।







