MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) जय हनुमान दंगल सेवा समिति के तत्वावधान में गोनौरा गांव में भाद्रपद चतुर्थी के पावन अवसर पर विशाल दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रिमझिम बारिश के बीच भी अखाड़े में पहलवानों का जोश देखते ही बना और दर्शकों का उत्साह पूरे समय बना रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों एवं प्रदेशों सहित पड़ोसी देश नेपाल से भी नामी पहलवानों ने पहुँचकर अपने दम-खम का शानदार प्रदर्शन किया। कीचड़ से सने अखाड़े में दांव-पेंच देख दर्शक रोमांचित हो उठे।
मुख्य मुकाबले में नेपाल का परचम
दंगल के सबसे रोमांचक मुख्य मुकाबले में नेपाल के प्रसिद्ध पहलवान बादल थापा ने जौनपुर के प्रदीप पहलवान को अपने चर्चित ‘काला जंग’ दांव से चित्त कर दिया। इस जीत के साथ बादल थापा ने 5000 रुपये की इनामी राशि पर कब्जा जमाया। दूसरे बड़े मुकाबले में अयोध्या रामगढ़ी के बजरंगी पहलवान ने सुनील कछवा को ‘धोबीपाट’ दांव से पटखनी देकर 5000 रुपये का इनाम जीता।
महिला कुश्ती ने भी खींचा ध्यान
महिला वर्ग के मुकाबले में डीआईजी अखाड़ा कछवा की सुमन पहलवान ने झूंसी की नीतू पहलवान को पराजित कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अन्य मुकाबलों में मुजेहरा के सुरेंद्र यादव ने सोनभद्र के टमाटर पहलवान को आसमान दिखाया। चंदौली के महेश पहलवान ने वाराणसी के ओमप्रकाश को तथा डीएलडब्ल्यू वाराणसी के रोहित पहलवान ने मिर्जापुर के दीपक पहलवान को पटखनी देकर जीत दर्ज की। इस अवसर पर समिति के राजेन्द्र प्रताप सिंह, स्वामीनाथ सिंह, राजू सिंह, श्याम बहादुर सिंह, विजयशंकर पांडेय, दान बहादुर सिंह, शिवम दुबे, मुन्ना सिंह गहरवार सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं कुश्ती प्रेमी उपस्थित रहे। बारिश के बावजूद दंगल देखने के लिए उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कुश्ती के प्रति गहरा लगाव है।







