Home उत्तर प्रदेश दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सांसद ने अधिकारियों को...

दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सांसद ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सांसद नरेश उत्तम पटेल ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया जोर, आईटीआई जहानाबाद जल्द शुरू कराने के निर्देश साथ ही गड्ढा मुक्त सड़क बनाने पर दिया जोर
FATEHPUR NEWS: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में सांसद नरेश चंद्र उत्तम पटेल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या की भी पुष्टि की गई। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विभागों की ओर से कराए जा रहे और पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से दी जाए। बैठक में जिले की सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सांसद ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को गड्ढायुक्त सड़कों को नियमानुसार जल्द गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत सड़कों का निर्माण निर्धारित समय में और मानक के अनुसार पूरा कराया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। समिति के सदस्यों ने बताया कि आईजीएल कंपनी की ओर से गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद कुछ स्थानों पर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी को संबंधित संस्था से समन्वय कर सड़क को मोटरेबल कराने के निर्देश दिए गए। नेशनल हाईवे की खराब सर्विस रोड और जलभराव की समस्या को भी जल्द दूर कराने को कहा गया। सांसद ने आईटीआई जहानाबाद का संचालन जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए क्षेत्र और नगर पंचायत की बैठकों में इस विषय को शामिल करने को कहा। कृषि प्रबंधन एजेंसी और परंपरागत कृषि विकास योजना से लाभान्वित किसानों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। किसानों के नलकूप बोरिंग के प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लक्ष्य के अनुरूप जल्द बोरिंग कराने को कहा गया। जिला उद्यान अधिकारी को अधिक से अधिक किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए न लिखा जाए।
बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, शिक्षा, पोषण, महिला एवं बाल कल्याण, पशुपालन, सिंचाई, कौशल विकास समेत केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सांसद, जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों, सुझावों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पालन कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक अभय प्रताप सिंह, विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक बिंदकी जय कुमार सिंह ‘जैकी’, विधायक सदर चंद्र प्रकाश लोधी, विधायक हुसैनगंज ऊषा मौर्य, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।