Home उत्तर प्रदेश जलभराव की चपेट में कल्याणपुर कचरौली, कई घरों में घुसा पानी

जलभराव की चपेट में कल्याणपुर कचरौली, कई घरों में घुसा पानी

FATEHPUR NEWS: सोमवार भोर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद नगर पंचायत कारीकान धाता के कल्याणपुर कचरौली गांव में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। करीब एक सैकड़ा घर जलभराव की चपेट में आ गए, जबकि लगभग 50 घरों के अंदर बारिश का पानी घुस गया। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पानी भर जाने से लोगों के घरेलू सामान, अनाज, बिस्तर और अन्य जरूरी वस्तुएं प्रभावित हो गईं। कई परिवार घरों में भरे पानी को निकालने के लिए निजी पंप सेट का सहारा ले रहे हैं। लोग लगातार पंप के जरिए पानी बाहर निकालने में जुटे रहे, लेकिन जलभराव की समस्या बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है। थोड़ी देर की तेज बारिश में ही गांव के कई घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी भर जाता है। सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद स्थिति और अधिक खराब हो गई। जलभराव की सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज और अधिशासी अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों से जानकारी ली। इस दौरान पानी की निकासी के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी निरीक्षण किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन और नगर पंचायत से गांव में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान घरों में पानी न घुसे और लोगों को हर वर्ष होने वाली इस समस्या से राहत मिल सके।