JHANSI NEWS: जिला मल्लखंभ एसोसिएशन झाँसी के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झाँसी महानगर के मल्लखंभ खेल से जुड़े कोच, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों तथा मल्लखंभ के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले खेल प्रणेताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश मल्लखंभ एसोसिएशन के सचिव राम सिंह सिकोरिया मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मल्लखंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने की, जबकि जिला एसोसिएशन के सचिव गजानन खानवलकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं समिति के सदस्यों द्वारा मल्लखंभ पूजन के साथ किया गया। इसके उपरांत मल्लखंभ के प्रणेता श्रद्धेय पंडित कृष्ण गणेश खानवलकर (अन्ना जी) एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मल्लखंभ खेल के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में योगदान देने वाले विभिन्न संस्थानों से जुड़े खेल प्रणेताओं को सम्मानित किया गया। इनमें जगदीश कौशल (श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर), संतोष कुमार गुप्ता (बुंदेलखंड सेवा मंडल), केशव कुमार (बेसिक शिक्षा), डॉ. प्रमोद सिकोरिया (केंद्रीय विद्यालय संगठन), रामबाबू (जवाहर नवोदय विद्यालय), सुदर्शन शिवहरे (माध्यमिक शिक्षा), गजानन खानवलकर (बीएचईएल), रघुवीर रावत (विद्या भारती), काजल कुशवाहा (जय अकैडमी), दीपशिखा कुशवाहा (एनसीसी) सहित रितु प्रजापति, मनीष कोष्टा, अमन गौतम, अभिषेक आर्या, प्रियांशी कुशवाहा एवं योगेश गुप्ता को सम्मानित किया गया।
जिला मल्लखंभ एसोसिएशन के सचिव गजानन खानवलकर ने कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का बैज अलंकरण कर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि राम सिंह सिकोरिया ने मल्लखंभ खेल की उपयोगिता, इसकी बढ़ती लोकप्रियता तथा राष्ट्रीय एवं उत्तर प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास कर खेल के क्षेत्र में झाँसी एवं उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। अध्यक्ष मनमोहन गेड़ा ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा मल्लखंभ खेल और खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन तथा खेलों को बढ़ावा देने के लिए संचालित नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मल्लखंभ भारतीय पारंपरिक खेलों की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में अशोक अग्रवाल (पीएनबी) एवं अरविन्द सिंघल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द कुमार ओझा ने किया, जबकि संतोष कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।







